लंबी अवधि के सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में पीपीएफ देश में व्यापक रूप से लोकप्रिय है। हालांकि, इस योजना में निवेश करने का समय भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना निवेश की राशि। अप्रैल महीने में एक तय तारीख से पहले निवेश न करने पर निवेशकों के ब्याज पर असर पड़ सकता है।
अप्रैल की 5 तारीख क्यों है महत्वपूर्ण: पीपीएफ खाते में मिलने वाला ब्याज हर महीने की 5 तारीख से लेकर महीने के आखिरी दिन तक खाते में मौजूद न्यूनतम बैलेंस के आधार पर तय किया जाता है। ऐसे में यदि निवेशक महीने की 1 से 5 तारीख के बीच पैसा जमा करते हैं, तो उन्हें उस महीने का पूरा ब्याज प्राप्त होता है। इसके विपरीत, यदि राशि 5 तारीख के बाद जमा की जाती है, तो उस निवेश पर ब्याज अगले महीने से जुड़ना शुरू होता है। इससे निवेशकों को एक महीने के ब्याज का नुकसान हो सकता है।
देर से निवेश करने पर संभावित नुकसा: उदाहरण के तौर पर, यदि कोई निवेशक अपने पीपीएफ खाते में 1.5 लाख रुपये जमा करता है और यह राशि 1 से 5 अप्रैल के बीच जमा होती है, तो उसे पूरे वर्ष का ब्याज मिलता है। मौजूदा ब्याज दर 7.1 प्रतिशत के अनुसार यह लगभग 10,650 रुपये बैठता है। वहीं, यदि यही राशि 5 अप्रैल के बाद जमा की जाती है, तो कुल ब्याज घटकर करीब 9,763 रुपये रह जाता है। इस तरह केवल एक दिन की देरी से लगभग 887 रुपये का अंतर आ सकता है।
पीपीएफ के नियम और फायदे: पब्लिक प्रोविडेंट फंड एक दीर्घकालिक निवेश योजना है, जिसकी मैच्योरिटी अवधि 15 वर्ष निर्धारित है। इसमें निवेशक न्यूनतम 500 रुपये से खाता खोल सकते हैं, जबकि अधिकतम वार्षिक निवेश सीमा 1.5 लाख रुपये है। सरकार द्वारा निर्धारित इस योजना में फिलहाल 7.1 प्रतिशत की ब्याज दर लागू है। यह योजना सुरक्षित निवेश और टैक्स लाभ दोनों प्रदान करती है, जिससे यह निवेशकों के बीच लोकप्रिय बनी हुई है।
पीपीएफ निवेश में समय का ध्यान रखना जरूरी है, खासकर अप्रैल जैसे वित्तीय वर्ष की शुरुआत में। 5 तारीख से पहले निवेश करने से अधिकतम ब्याज लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें