Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

भाजपा राजनीतिक दल नहीं बल्कि गैंग, जनता 2027 में सत्ता से हटाएगी: अखिलेश यादव

लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने भाजपा पर किया हमला, कहा- जनता का भरोसा खो चुकी है सरकार।
Bureau
Bureau News Desk
18 May 2026
09:20 PM
1 min read
भाजपा राजनीतिक दल नहीं बल्कि गैंग, जनता 2027 में सत्ता से हटाएगी: अखिलेश यादव
हाइलाइट्स
लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने भाजपा पर किया हमला, कहा- जनता का भरोसा खो चुकी है सरकार।

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए भाजपा को नाटकबाज पार्टी और गैंग करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को पुलिस के माध्यम से फंसाया और परेशान किया जा रहा है।

 

सोमवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हताश और बौखलाई हुई है, इसलिए अलोकतांत्रिक व्यवहार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में भाजपा का प्रदेश में कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं बचेगा।

 

अखिलेश यादव ने भाजपा को सनातन विरोधी बताते हुए कहा कि उनके मंदिर से लौटने के बाद भाजपा के लोगों द्वारा मंदिर को गंगाजल से धुलवाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पूज्य शंकराचार्य का भी अपमान किया गया और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को मर्यादित आचरण और संयमित भाषा अपनाने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को धैर्य और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए।

 

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर जनता को गुमराह करने का प्रयास करेगी, इसलिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है।

 

उन्होंने वाहनों की संख्या कम करने को लेकर भाजपा सरकार के मंत्रियों के बयानों पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान साइकिल चलाने को बढ़ावा देने के लिए साइकिल ट्रैक बनाए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने उन ट्रैकों को बर्बाद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास विकास का कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं है और वह समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।

 

गांवों के विकास पर जोर देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर “स्मार्ट विलेज” की अवधारणा को लागू किया जाएगा और गांवों का व्यापक विकास सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों के प्रधानों ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। वहीं उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। 

Explore Related Topics

अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी भाजपा सपा 2027 विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश राजनीति

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News