Ambedkar Nagar News: शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से खरीदारी शुरु, शहर के शहजादपुर और अकबरपुर बाजार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। लोग मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और कलश स्थापना के लिए जरूरी सामग्रियों की खरीदारी में जुटे रहे। बाजारों में चुनरी, नारियल, धूप-बत्ती, रोली, कलावा और मिट्टी के कलश की मांग बढ़ गई है।
नवरात्र की तैयारियों को लेकर घरों में भी साफ-सफाई और पूजा स्थलों को सजाने का काम तेजी से चल रहा है। नौ दिनों तक व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में देवी प्रतिमाओं की स्थापना और पूजा पंडालों को सजाने का काम भी जोर-शोर से जारी है।
मिट्टी के कलश की बिक्री में आई तेजी, दाम भी बढ़े
नवरात्र में कलश स्थापना का विशेष महत्व होने के कारण मिट्टी के कलश की बिक्री में तेजी आई है। इस बार कलश की कीमतों में भी 10 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसके बावजूद श्रद्धालु पूजन सामग्री की खरीदारी में पीछे नहीं हैं।
मिट्टी के कलश तैयार करने वाले कुम्हार रामकरन प्रजापति बताते हैं कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कलश के अधिक ऑर्डर मिले। नवरात्र को ध्यान में रखते हुए वह बिना ऑर्डर के भी कलश तैयार करते हैं, ताकि बाजार में मांग बढ़ने पर श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि इस बार करीब तीन दर्जन कलश तैयार किए थे, जिनमें से अधिकांश बिक चुके हैं और अब केवल दो-चार कलश ही शेष बचे हैं।
चुनरी-पूजा के कपड़ों की खूब खरीदारी
शहजादपुर और अकबरपुर बाजार में पूजन सामग्री की दुकानों पर इतनी भीड़ रही कि कई खरीदार दुकानदारों को सामान की सूची देकर बाद में सामान लेने की बात कहकर लौट गए। महिलाएं भी खरीदारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती नजर आईं। श्रद्धालुओं ने पूजा सामग्री के साथ चुनरी, नई साड़ी और पूजा में इस्तेमाल होने वाले कपड़ों की भी खरीदारी की।
महंगाई का असर सामानों की कीमतों पर जरूर दिखाई दिया, लेकिन आस्था और श्रद्धा के आगे लोगों ने कीमतों की परवाह नहीं की। खरीदारी करने पहुंचीं रीमा और सरस्वती ने बताया कि नवरात्र की जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और घर में पूजा स्थल को भी सजा लिया गया है। बाजार में बढ़ती भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।
दुर्गा पूजा पंडालों को दिया जा रहा अंतिम रूप
नवरात्र के साथ शुरू होने वाले दुर्गा पूजा उत्सव को लेकर पूजा समितियों में खासा उत्साह है। नगर के अयोध्या मार्ग, शहजादपुर और बस स्टेशन क्षेत्र में पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कई स्थानों पर नवरात्र के पहले दिन देवी प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारी है, जबकि कुछ स्थानों पर छठे दिन प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें