जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहिरौली पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भीटी के पर्यवेक्षण में अहिरौली थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक इन्द्रेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गोपालपुर से करदासपुर की ओर अवैध कच्ची शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सूरदास उर्फ सूरे (55 वर्ष) पुत्र कडवड़े दास निवासी ग्राम पाण्डेय पैकौली, थाना अहिरौली, जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक प्लास्टिक की पिपिया में रखी करीब 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कच्ची शराब बेचकर अपना जीवन-यापन करता है। बरामदगी के आधार पर थाना अहिरौली में मुकदमा अपराध संख्या 132/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी, उपनिरीक्षक इन्द्रेश कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश यादव और हेड कांस्टेबल दुर्गेश तिवारी शामिल रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें