UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 'नर सेवा-नारायण सेवा' की भावना से जनसेवा कर रही है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करे और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के पास पहुंचे और एक-एक करके उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों से प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की मदद करने और उसे न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनता की समस्याओं का समाधान इस तरह किया जाए कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कमजोर और असहाय लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा करने या उन्हें बेघर करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों में संबंधित पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास करने के निर्देश भी दिए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
सीएम ने अधिकारियों से यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। जनता दर्शन के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। मां के साथ पहुंचे एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बातचीत की। मुख्यमंत्री को देखकर बच्चा मुस्कुराने लगा। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने उसे चॉकलेट दी, जिसे बच्चे ने खुशी से ले लिया। इस आत्मीय दृश्य ने वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें