राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में शुक्रवार को पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और UPSI स्कोर कार्ड जारी करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक पोस्टर-बैनर लेकर पहुंचे और विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इको गार्डन परिसर और आसपास के इलाकों में रैपिड एक्शन फोर्स, पीएसी और स्थानीय पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
प्रदर्शन में शामिल छात्र लगातार पेपर लीक की घटनाओं, भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और परीक्षा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि लगातार सामने आ रही अनियमितताओं का असर उनके भविष्य पर पड़ रहा है। इसके अलावा प्रदर्शन स्थल पर मौजूद छात्र 'पेपर लीक बंद करो' और 'UPSI स्कोर कार्ड जारी करो' जैसे नारे लगाते दिखाई दिए।
प्रदर्शन को लेकर यह भी चर्चा रही कि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके इसमें शामिल हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार, वह गुरुवार देर रात करीब 2:20 बजे लखनऊ पहुंच गए थे। हालांकि, प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शुरू हो गया था, लेकिन दोपहर एक बजे तक उनके इको गार्डन पहुंचने की सूचना नहीं मिली थी।
इको गार्डन में मौजूद कुछ छात्रों और समर्थकों ने कॉकरोच जनता पार्टी और अभिजीत दीपके के खिलाफ भी विरोध जताया। इस दौरान कुछ लोगों ने उनके समर्थन का विरोध करते हुए अलग रुख अपनाया।
संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों द्वारा लगातार हालात की निगरानी की जा रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें