राजधानी लखनऊ के व्यस्त लोहिया चौराहे पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार थार वाहन ने बाराबंकी के अपर प्रधान न्यायाधीश की कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब चौराहे पर तैनात ट्रैफिक सिपाही ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कथित तौर पर उसे भी कुचलने की कोशिश की। सिपाही के पीछे हटने पर आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मामले में अपर प्रधान न्यायाधीश के चालक की तहरीर पर गोमती नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बाराबंकी के देवा रोड स्थित अभय नगर निवासी संतोष गुप्ता, अपर प्रधान न्यायाधीश श्रीकृष्ण कुमार के चालक हैं। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई की शाम वह अपर प्रधान न्यायाधीश और उनके परिवार को लेकर कैसरबाग से बाराबंकी लौट रहे थे।
रास्ते में फन मॉल के आगे लोहिया चौराहे पर लालबत्ती होने के कारण उन्होंने कार रोक दी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार थार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के समय चौराहे पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक सिपाही ने हादसे के बाद थार चालक को रोकने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, चालक ने वाहन रोकने के बजाय सिपाही की ओर ही गाड़ी बढ़ा दी। सिपाही ने समय रहते पीछे हटकर खुद को बचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद अपर प्रधान न्यायाधीश के चालक संतोष गुप्ता ने गोमती नगर थाने में आरोपी थार चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोमती नगर थाना प्रभारी ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा उपलब्ध तस्वीरों की मदद से फरार वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें