नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया और केंद्र सरकार तथा एनटीए के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस मध्य जोन के कार्यवाहक अध्यक्ष अंकित तिवारी और एनएसयूआई मध्य जोन अध्यक्ष अनस रहमान ने किया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और एनटीए पर परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने धर्मेंद्र प्रधान मुर्दाबाद और मोदी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए तथा परीक्षा पेपर लीक को देश के छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
इस दौरान युवा कांग्रेस मध्य जोन के कार्यवाहक अध्यक्ष अंकित तिवारी ने कहा कि NEET परीक्षा पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और अभिभावकों के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत, कोचिंग और तैयारी के बावजूद परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों का शिकार हो रहे हैं। उनके अनुसार भाजपा सरकार के संरक्षण में एनटीए परीक्षा आयोजन में लगातार विफल साबित हो रही है, जिससे मेधावी छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में 80 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती, लेखपाल भर्ती और हालिया NEET परीक्षा जैसे मामलों ने युवाओं के बीच परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। नेताओं ने दावा किया कि पेपर माफियाओं को संरक्षण मिलने के कारण छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और अभिभावकों का भरोसा टूट रहा है।
प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से कई मांगें भी रखी गईं। इनमें एनटीए को तत्काल भंग करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, NEET पेपर लीक मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने, प्रभावित छात्रों को मुफ्त मानसिक स्वास्थ्य सहायता और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा पीड़ित परीक्षार्थियों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग शामिल रही। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों के हितों में कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
पुतला दहन कार्यक्रम में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें दीपक पांडेय, अखिलेश यादव, अहमद राजा खान, मोहम्मद नईम खान, गौरव शुक्ल, स्वप्निल चउरासीह और नीरज सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें