राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र स्थित ग्राम सिकंदरपुर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में ग्राम सिकंदरपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया, जहां खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साह ने आयोजन को रोमांचक बना दिया।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में ग्राम सिकंदरपुर की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए लौलाई ग्राम की टीम को 31-18 के अंतर से हराकर प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। वहीं लौलाई ग्राम की टीम उपविजेता रही। वही पुरुष वर्ग में भी सिकंदरपुर की टीम का दबदबा देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में सिकंदरपुर ने लौलाई ग्राम की टीम को 45-26 के बड़े अंतर से पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। लौलाई की टीम दूसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भुविका मसाले ऑर्गेनिक की निदेशक जय श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
इस दौरान ग्राम प्रधान मिथलेश तिवारी, आयोजन समिति के पदाधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें