आगामी पर्व-त्योहारों, विशेषकर मोहर्रम को देखते हुए अम्बेडकरनगर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में डीआईजी सोमेन बर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों और राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान संवेदनशील स्थलों की निगरानी, यातायात प्रबंधन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। साथ ही क्षेत्रीय पुलिस बल को प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी भ्रामक या माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधि पर नजर रखी जाए और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीआईजी सोमेन बर्मा ने अधिकारियों से जनता के साथ बेहतर संवाद और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।
बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें