Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

आधी रात गोलियों की गूंज से दहला मुरादाबाद, मामूली विवाद बना खूनी संग्राम

Bureau
Bureau News Desk
03 Apr 2026
07:58 PM
1 min read
आधी रात गोलियों की गूंज से दहला मुरादाबाद, मामूली विवाद बना खूनी संग्राम

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आधी रात आपसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रामगंगा विहार पुलिस चौकी इलाके में स्थित प्रेम स्वीट्स की दुकान के बाहर देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई।

 

इस गोलीबारी में थाना मझोला क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी निवासी लक्की सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के लोग सहम गए। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, यह घटना दो पक्षों के बीच आपसी विवाद का परिणाम है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते हैं।

 

पुलिस के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद किसी भी पक्ष की ओर से प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया था। ऐसे में चौकी प्रभारी द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में 10 आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

 

 

पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Explore Related Topics

मुरादाबाद

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →