उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। एक्स पर किए गए एक विस्तृत पोस्ट में राजभर ने सपा प्रमुख की राजनीति को अफवाह आधारित बताते हुए उन पर समाज तोड़क राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव से अलग राजनीति की उम्मीद करना आसमान में भैंस उड़ाने जैसा है।
राजभर ने अपने बयान में कहा कि जिन्ना को आदर्श मानने और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश के 11 लड़ाकू विमानों के गिरने जैसे देश विरोधी झूठ फैलाने वालों से सकारात्मक राजनीति की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार के बाद समाजवादी पार्टी के पास केवल महल और अकूत संपत्ति ही बची है।
कैबिनेट मंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि अखिलेश यादव दस साल पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन आज भी वह जनता की गाढ़ी कमाई से जुटाए गए धन के बल पर किराए के हवाई जहाज से यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख की राजनीति पूरी तरह ट्विटर, एसी और पीसी पर आधारित है और वह अफवाह फैलाने की राजनीति करते हैं। राजभर ने अपने बयान में तंज कसते हुए कहा कि ओम प्रकाश राजभर जमीन पर भैंस चरा सकता है, लेकिन आसमान में भैंस उड़ाने की कला में सैफई कुनबा ही पारंगत है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी और सुभासपा के बीच बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। राजभर इससे पहले भी कई बार अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत और राजनीतिक हमले कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने सपा प्रमुख पर चुनाव जीतने के लिए टोटके अपनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि किसी ज्योतिषी की सलाह पर अखिलेश यादव ने अपने बाल बढ़ाए हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें