BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बदलाव करते हुए पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को नया चीफ सिलेक्टर नियुक्त किया है। प्रज्ञान ओझा अजीत अगरकर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिनका कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो गया था। इसके साथ ही पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पवार को भी पुरुष चयन समिति में शामिल किया गया है।
प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। चयन समिति में टेस्ट मैचों के अनुभव के आधार पर उनकी वरिष्ठता को ध्यान में रखा गया है। नई पांच सदस्यीय समिति में प्रज्ञान ओझा और रमेश पवार के अलावा शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा शामिल हैं। बीसीसीआई के मुताबिक, क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी ने चयन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों के आवेदन की समीक्षा की और साक्षात्कार के बाद रमेश पवार के नाम की सिफारिश की। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पद के लिए पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर समेत कई उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया था।
रमेश पवार भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ी और कोच, दोनों भूमिकाओं में योगदान दे चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मुकाबले खेले। संन्यास के बाद वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रहे। इसके अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के साथ भी कोचिंग की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच के तौर पर भी काम किया है। उनके अनुभव से चयन समिति को लाभ मिलने की उम्मीद है।
वहीं, बीसीसीआई ने पूर्व चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के योगदान की सराहना की है। जुलाई 2023 में पद संभालने वाले अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने आईसीसी ट्रॉफी, एशिया कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक सहित कई उपलब्धियां हासिल कीं। अब नई चयन समिति के सामने आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज और टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का चयन करने की जिम्मेदारी होगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें