Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

केवल सिंह ढिल्लों बने पंजाब बीजेपी अध्यक्ष

2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सिख वोट बैंक साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा फैसला।
Bureau
Bureau News Desk
28 May 2026
04:04 PM
1 min read
केवल सिंह ढिल्लों बने पंजाब बीजेपी अध्यक्ष
हाइलाइट्स
2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सिख वोट बैंक साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा फैसला।

 

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब सहित चार राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों में बदलाव करते हुए पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व की मंजूरी के बाद गुरुवार को उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया गया। पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यह फैसला भाजपा की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

 

अब तक पंजाब बीजेपी की कमान संभाल रहे सुनील जाखड़ का तीन साल का कार्यकाल जुलाई में पूरा होने जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठनात्मक बदलाव के बावजूद जाखड़ चुनावी रणनीति और अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

 

केवल सिंह ढिल्लों पंजाब की राजनीति में एक प्रभावशाली जाट सिख चेहरे के तौर पर पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और वे पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी नेताओं में गिने जाते रहे हैं। भाजपा नेतृत्व ने उन्हें ऐसे समय प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, जब पार्टी पंजाब में सिख समुदाय और ग्रामीण वोट बैंक में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

 

पार्टी के भीतर लंबे समय से यह मांग उठ रही थी कि पंजाब बीजेपी की कमान किसी सिख नेता को सौंपी जाए। सूत्रों के अनुसार, केवल सिंह ढिल्लों के नाम पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, आरएसएस पंजाब प्रभारी श्रीनिवासलु और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सहमति भी रही। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई अन्य नेताओं के नाम भी चर्चा में थे। इनमें जगमोहन राजू, मनजीत सिंह राय, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल शामिल थे। हालांकि, संगठनात्मक अनुभव और सिख समुदाय में प्रभाव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने अंततः केवल सिंह ढिल्लन पर भरोसा जताया।

 

बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव से आने वाले केवल सिंह ढिल्लों 2007 से 2017 तक विधायक रहे हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 2022 में कांग्रेस की पंजाब में हार के बाद उन्होंने कई नेताओं के साथ भाजपा का दामन थाम लिया था। बाद में पार्टी ने उन्हें पंजाब बीजेपी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। पंजाब में बीजेपी लंबे समय से अपने संगठन को नए सामाजिक समीकरणों के साथ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में केवल सिंह ढिल्लन की नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।


 

Explore Related Topics

केवल सिंह ढिल्लों पंजाब बीजेपी अध्यक्ष

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News