अम्बेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में उपनिरीक्षक और एक सिपाही समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसा आजनपारा गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मालीपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अनुराग गौतम अपने हमराही सिपाही हिमांशु शेखर पाल के साथ मोटरसाइकिल से सुरहुरपुर से सलाहदीपुर की ओर किसी सरकारी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
दूसरी मोटरसाइकिल पर कटघर मूसा निवासी अविनाश (30) अपनी माता उषा देवी (55) और 11 वर्षीय भांजी हिमांशी के साथ मोहनपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों मोटरसाइकिलें आजनपारा गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे के समीप पहुंचीं, तेज रफ्तार के कारण दोनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मालीपुर थानाध्यक्ष शंशाक शुक्ला ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों का इलाज चल रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें