Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

यूपी में आसमान से बरस रही आग, आगरा-लखनऊ समेत 50 जिलों में लू का अलर्ट, रातों की गर्मी से बढ़ी बेचैनी

बांदा में पारा 47 डिग्री पहुंचा, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी; 26 मई तक राहत के संकेत नहीं।
Bureau
Bureau News Desk
23 May 2026
10:32 AM
1 min read
यूपी में आसमान से बरस रही आग, आगरा-लखनऊ समेत 50 जिलों में लू का अलर्ट, रातों की गर्मी से बढ़ी बेचैनी
हाइलाइट्स
बांदा में पारा 47 डिग्री पहुंचा, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी; 26 मई तक राहत के संकेत नहीं।

 

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है, वहीं रात में भी तापमान अधिक रहने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में लू और अत्यधिक गर्मी को लेकर रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में प्रचंड गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दोपहर के समय तापमान बेहद अधिक रहने की संभावना जताई गई है। बांदा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवाएं चलने का भी अनुमान है।

 

प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में भी गर्मी का असर तेज बना हुआ है। नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ में हीटवेव और अत्यधिक गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है।

 

इसके अलावा झांसी, महोबा, ललितपुर, संत कबीर नगर, सोनभद्र और मीरजापुर में भी लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में लगातार गर्म हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में भी गर्मी से राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। यहां अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लखनऊ में गर्म रातों और झुलसाने वाली गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है।

 

सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी रात के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। 26 मई तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है। हालांकि 27 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में कोई बड़ी गिरावट आने की संभावना नहीं जताई गई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।

 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रचंड धूप और पश्चिमी गर्म हवाओं के चलते अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

 

 

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लखनऊ, कानपुर, नोएडा और आगरा समेत कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित होने और ट्रांसफॉर्मर फेल होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों को उमस और गर्मी में अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Explore Related Topics

यूपी मौसम UP Weather Today लू हीटवेव अलर्ट यूपी

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News