UP News: चुनाव सुधार और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच प्रदेश की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की युवाशक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, न कि किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता हासिल करने का मार्ग जनता के जनादेश से होकर गुजरता है, अराजकता के जरिए नहीं।
मुख्यमंत्री ने करारा वार करते हुए कहा कि कुछ विपक्षी ताकतें चुनाव सुधार, न्याय और लोकतंत्र के मुद्दों की आड़ में देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र जनता के विश्वास पर आधारित है और किसी भी साजिश से इसकी नींव को कमजोर नहीं किया जा सकता। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर जारी किये गये अपने बयान में बांग्लादेश के घटनाक्रम का उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बांग्लादेश की तर्ज पर कुछ शक्तियां भारत में भी सत्ता परिवर्तन का सपना देख रही हैं। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की जगह राजनीतिक टकराव का हिस्सा बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। सीएम ने आगे कहा कि देश की युवा शक्ति का उपयोग विकास और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश में अराजकता फैलाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के इस प्रयास को देश कभी भी सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक दलों के आचरण को बेहतर तरीके से समझती है। जनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए ही अपना फैसला सुनाती है। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र जनविश्वास की जड़ों पर खड़ा विशाल वटवृक्ष है। कोई भी षड़यंत्र करके इसे हिला नहीं सकता है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल बीजेपी सरकार पर चुनावों में वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है और विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें