Divya Mittal Jan Niti Bharat Party: 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने अब सियासी पारी की शुरूआत करने का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर लाइव आकर पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा की। दिव्या मित्तल के नए दल का नाम ‘जननीति भारत’ है। इसके साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ने की भी बात कही है। दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी का ऐलान करते हुए स्पष्ट कहा कि राजनीति आप पर राज करती है, लेकिन उनकी पार्टी जनता के राज के लिए बनाई गई है।
दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी के तीन प्रमुख वचनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश की नीतियों के केंद्र में आम लोगों को रखा जाएगा। किसानों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनके अनुभवों और सुझावों के आधार पर तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। विकास कार्यों और प्रशासनिक फैसलों में जाति, धर्म या पहचान के बजाय लोगों की वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और स्थानीय विकास कार्यों में जनता की सीधी भागीदारी को भी प्रमुख मुद्दा बताया।
इसके साथ ही दिव्या मित्तल ने कहा कि योजनाएं लोगों की जरूरतों के अनुसार बनाई जानी चाहिए और उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता होनी चाहिए। दिव्या मित्तल ने लाइव आकर अपनी बात रखते हुए यह भी कहा कि राजनीति में आने के ऐलान के बाद उन्होंने आम जनता से संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर साझा किया था। उस मोबाइल नंबर पर बड़ी संख्या में संदेश आने के चलते व्हाट्सएप ने उस नंबर पर रोक लगा दी। दिव्या मित्तल ने इसके लिए माफी भी मांगी और समर्थन के लिए आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि देश में सियासी दलों की कमी नहीं है। लेकिन समस्या यह है कि आम जनमानस की बात को सुना नहीं जाता है।
उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल को पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। वहीं दिव्या मित्तल के राजनीति में कदम रखने के ऐलान के बाद कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल से जुड़ने का प्रस्ताव दिए जाने की चर्चा सामने आई थी। हालांकि अब दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। प्रशासनिक सेवा में रहते हुए दिव्या मित्तल मिर्जापुर, देवरिया सहित कई जिलों में जिलाधिकारी के पद का कार्यभार संभाला है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई पूरी करने के बाद लंदन में भी नौकरी की थी। बाद में वह भारत लौटकर प्रशासनिक सेवा में आईं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें