Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यूपी के सबसे असफल मुख्यमंत्री हैं योगी

भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट पर सपा प्रमुख ने सरकार को घेरा, भाजपा में करेंट नहीं बचा बताया।
Bureau
Bureau News Desk
27 May 2026
11:08 AM
1 min read
बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यूपी के सबसे असफल मुख्यमंत्री हैं योगी
हाइलाइट्स
भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट पर सपा प्रमुख ने सरकार को घेरा, भाजपा में करेंट नहीं बचा बताया।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिजली संकट को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सबसे असफल मुख्यमंत्री बताते हुए ऊर्जा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

 

अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में चल रही महा विद्युत आपदा के लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को “धो-पटककर” सत्ता से बाहर कर देगी। सपा प्रमुख ने अपने बयान में बिजली मंत्री एके शर्मा का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में ऊर्जा मंत्री शामिल होते हैं या नहीं। अखिलेश यादव ने लिखा कि यदि मंत्री बैठकों में आते हैं तो मुख्यमंत्री उनके साथ तस्वीर साझा करें, ताकि जनता को “आपसी गर्मी” से कुछ राहत मिल सके।

 

उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि बिजली सब-स्टेशनों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है और भाजपा के विधायक-सांसद खुद अपनी सरकार के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि जनता के आक्रोश से बचने के लिए जनप्रतिनिधि ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि “भाजपा में अब करेंट नहीं रहा।”

 

 

दरअसल, उत्तर प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी के बीच कई जिलों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। राजधानी लखनऊ के अलावा कानपुर, नोएडा, आगरा, मेरठ और अन्य शहरों में लगातार बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किए हैं। बढ़ती शिकायतों के बीच भाजपा के कुछ विधायकों और सांसदों ने भी बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर सरकार और विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखे हैं।

 

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बिजली संकट को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है। बैठक में उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं।

Explore Related Topics

अखिलेश यादव सीएम योगी यूपी बिजली कटौती उत्तर प्रदेश बिजली संकट समाजवादी पार्टी योगी आदित्यनाथ

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News