UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगी दलों के बदलते राजनीतिक रुख पर नजर बनाए हुए है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के तेवर और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में जारी अंदरूनी खींचतान ने एनडीए की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 30 अक्टूबर को लखनऊ दौरा अहम माना जा रहा है। संभावना जतायी जा रही है कि अमित शाह के लखनऊ दौरे के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ ही सहयोगी दलों के साथ समन्वय पर चर्चा होगी।
निषाद पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने दिल्ली में आयोजित रैली में अलग राह चुनने की चेतावनी दी थी। इससे बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी सुभासपा नेताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में जुटी है। इससे सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के सामने भी सियासी चुनौती बढ़ सकती है। गोरखपुर में एमएलसी चुनाव में भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा सपा उम्मीदवार का समर्थन किए जाने पर पार्टी के भीतर असंतोष के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं गोंडा में कुछ नेताओं के सपा में शामिल होने से बीजेपी का चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकता है। बीजेपी इन दिनों अपने गठबंधन को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है। हाल ही में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से मुलाकात को इसी सियासी कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।
30 अक्टूबर की बैठक में बनेगा चुनावी रोडमैप
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में 30 अक्टूबर को बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इस बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। वहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन करेंगे। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों के शामिल होंगे। बैठक में आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और विपक्ष के मुद्दों का जवाब देने की योजना पर चर्चा हो सकती है। गृह मंत्री अमित शाह की बैठक को एनडीए की एकजुटता और चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें