Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

लखनऊ में UPSC की तैयारी कर रही छात्रा से सुशांत गोल्फ सिटी में तीन दिन तक हुआ गैंगरेप

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में UPSC अभ्यर्थी को कमरे में बंधक बनाकर वारदात, दिल्ली जीआरपी में दर्ज हुई जीरो एफआईआर।
Bureau
Bureau News Desk
24 May 2026
04:38 PM
1 min read
लखनऊ में UPSC की तैयारी कर रही छात्रा से सुशांत गोल्फ सिटी में तीन दिन तक हुआ गैंगरेप
हाइलाइट्स
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में UPSC अभ्यर्थी को कमरे में बंधक बनाकर वारदात, दिल्ली जीआरपी में दर्ज हुई जीरो एफआईआर।

 

राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ उसके परिचित युवक और उसके दो साथियों ने तीन दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवती को बहाने से ट्रेन से उतारकर कमरे में ले जाया गया और वहां बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

 

पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली के आनंद विहार जीआरपी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे घटना स्थल लखनऊ होने के कारण अग्रिम कार्रवाई के लिए लखनऊ पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार पीड़िता मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में बीए ऑनर्स की छात्रा है। वह दिल्ली में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही है। कॉलेज की छुट्टियों में वह एक मई को अपने घर जौनपुर आई थी। 15 मई को वह सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थी।

 

बताया गया कि ट्रेन से सफर के दौरान छात्रा ने अपने पुराने परिचित शिवम यादव को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा। ट्रेन के लखनऊ पहुंचने पर आरोपी अपने साथी शनि यादव के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचा और छात्रा को ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में मेदांता अस्पताल के पास स्थित एक कमरे में ले जाया गया।

 

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कमरे में ले जाने के बाद उसे कॉफी दी गई, जिसमें नशीला पदार्थ या नींद की गोलियां मिलाई गई थीं। कॉफी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शिवम यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने के बावजूद आरोपी नहीं रुका और पूरी रात उसके साथ जबरदस्ती करता रहा।

 

एफआईआर के मुताबिक अगले दिन 16 मई को शिवम यादव कमरे से बाहर चला गया, जिसके बाद उसका साथी शनि यादव वहां पहुंचा और उसने भी कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि 17 मई को एक तीसरा युवक भी कमरे में आया, जिसे वह पहचानती नहीं है। तीनों आरोपियों ने 18 मई तक बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान कमरे का दरवाजा बाहर से बंद रखा जाता था ताकि वह बाहर न निकल सके।

 

आरोप है कि 18 मई को आरोपी युवती को चारबाग रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचे और ट्रेन में बैठाकर दिल्ली भेज दिया। ट्रेन के बरेली के पास पहुंचने पर पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी गई।

 

सूचना मिलने पर जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए युवती को दिल्ली में उतारा। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में आनंद विहार जीआरपी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। बाद में मामला लखनऊ पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया।

 

पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी बेटी पढ़ाई में बेहद होनहार है और आईएएस बनने का सपना देख रही थी, लेकिन घटना के बाद वह गहरे सदमे में है।

 

डीसीपी दक्षिण पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसन्थ कुमार

 

सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली बसंथ कुमार ने कहा कि जीरो एफआईआर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही शिवम यादव, शनि यादव तथा एक अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Explore Related Topics

लखनऊ सुशांत गोल्फ सिटी सामूहिक दुष्कर्म दिल्ली आनंद विहार जीआरपी

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News