UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गुरूवार को आजम खान से प्रस्तावित मुलाकात को लेकर यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात को लेकर तंज कसा है। श्री राजभर ने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ही आजम खान को जेल भिजवाया था। वहीं अब उनसे मुलाकात करना केवल चुनावी जुमला पैदा करने की कोशिश है।
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा करते हुए कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव आजम खान के सहारे मुस्लिम वोट हासिल करने की रणनीति बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम वर्ग के लोग चाहते हैं कि अखिलेश यादव मुस्लिम मुख्यमंत्री घोषित करें। राजभर ने कहा कि सपा अध्यक्ष के ऐसा करने पर ही मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन मिल सकता है। ओमप्रकाश राजभर के इस बयान के सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज दोपहर रामपुर पहुंच जिला कारागार में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात करेंगे। आजम खान के कारागार में मुलाकात के बाद श्री यादव रामपुर में स्थित उनके आवास पहुंचेंगे। जहां वह आजम खान के परिजनों से भी भेंट करेंगे। दोनों नेताओं की मुलाकात लगभग एक साल बाद होने जा रही है। इससे पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आठ अक्टूबर 2025 को रामपुर पहुंचे थे और पार्टी नेता आजम खान से मुलाकात की थी।
सपा नगर अध्यक्ष आसिम राजा के मुताबिक अखिलेश यादव की आजम आजम खान से मुलाकात प्रस्तावित है। मुलाकात के एजेंडे के बावत उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी तो सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही दे सकते हैं। वहीं सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने बताया कि अखिलेश यादव के जनपद आगमन को लेकर सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रामपुर दौरे के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड से लेकर जिला कारागार और आजम खान के आवास तक पुलिस की तैनाती की गयी है। सभी प्रमुख चैराहों और संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अखिलेश यादव और आजम खान की इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में रामपुर जनपद की पांच में से तीन सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की थी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें