Sunday, 25 October 2026 | Lucknow | 29°C

UP: वाराणसी को मिली गारमेंट फैक्ट्री की सौगात, PM ने अरविंद मिल्स के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया लोकार्पण

UP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिर्जामुराद के खोचवां में गुजरात की प्रमुख कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड (अरविंद मिल्स) के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया।
Bureau
Bureau News Desk
25 Oct 2026
03:12 PM
1 min read
UP: वाराणसी को मिली गारमेंट फैक्ट्री की सौगात, PM ने अरविंद मिल्स के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया लोकार्पण
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
पीएम मोदी ने किया अरविंद मिल्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन
150 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्लांट से पूर्वांचल में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
अरविंद मिल्स की यूनिट में 1000 महिलाओं को रोजगार देने की योजना
स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट्स बनेंगे

UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने मिर्जामुराद के खोचवां में गुजरात की प्रमुख कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड (अरविंद मिल्स) के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ में बने इस प्लांट से पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कंपनी की योजना इस यूनिट में कुल 1000 महिलाओं को रोजगार देने की है। प्रधानमंत्री ने प्लांट के उद्घाटन के बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया और उनके काम और अनुभवों के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कंपनी की ओर से तैयार कपड़ों की प्रदर्शनी भी देखी और अधिकारियों से उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कपड़ों, खादी तथा विभिन्न सामग्रियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

पूर्वांचल में अरविंद मिल्स का यह पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बताया गया है। यहां स्पोर्ट्स वियर, अंडरगारमेंट्स सहित विभिन्न प्रकार के परिधान तैयार किए जाएंगे। कंपनी जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के लिए भी मैन्युफैक्चरिंग करेगी। प्लांट के पहले चरण के बाद दूसरे चरण का निर्माण प्रस्तावित है। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर और बढ़ने की संभावना है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश में कपड़ा एवं परिधान निर्माण से जुड़े औद्योगिक तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्लांट के उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। खोचवां स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर दोनों ने प्रधानमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि अरविंद लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है। कंपनी डेनिम, सूती और लिनेन के कपड़ों के अलावा विभिन्न परिधानों तथा औद्योगिक वस्त्रों के निर्माण और आपूर्ति का कारोबार करती है।

Explore Related Topics

PM Modi Varanasi Visit Arvind Mills Varanasi Arvind Limited Manufacturing Plant

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News