Kashi Air Show 2026: काशी में ‘विंग्स ऑफ गंगेज’ थीम पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो का 25 अक्टूबर (रविवार) को समापन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान भी मौजूद रहेंगे। समारोह में सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किये गये है। जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
एयर शो का मुख्य कार्यक्रम नमो घाट पर होगा। प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार दोपहर 12.45 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद पीएम सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। एयर शो के दौरान जनपद के 32 विद्यालयों के 3150 विद्यार्थियों को भी हवाई करतब देखने का अवसर मिलेगा।
कक्षा आठ से 12 तक के विद्यार्थियों का चयन किया गया है। बच्चों को नमो घाट तक लाने और फिर उन्हें सुरक्षित वापस पहुंचाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है। इस जिम्मेदारी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह को नामित किया गया है। वायुसेना के कार्यक्रम में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के विभिन्न फॉर्मेशन तथा हवाई करतब दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
अलग-अलग घाटों से शो देखने पहुंचे लोगों के अनुभव भी अलग-अलग रहे। कुछ दर्शकों को अस्सी और केदार घाट से विमान स्पष्ट नहीं दिख सके। वहीं दशाश्वमेध घाट पर लड़ाकू विमानों के करतब नजदीक से देखने को मिले। काशी में आयोजित एयर शो शहर के लोगों और विद्यार्थियों के लिए भारतीय वायुसेना की क्षमता और आधुनिक विमानन तकनीक को करीब से देखने का खास अवसर बन रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें