Monday, 26 October 2026 | Lucknow | 29°C

Lucknow Triple Murder: शादी की तैयारियों के बीच पसरा मातम, ऋषभ ने चंद मिनटों में खत्म कर दिया परिवार

Lucknow Triple Murder: सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता में सोमवार सुबह गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी।
Bureau
Bureau News Desk
26 Oct 2026
04:45 PM
1 min read
Lucknow Triple Murder: शादी की तैयारियों के बीच पसरा मातम, ऋषभ ने चंद मिनटों में खत्म कर दिया परिवार
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
लखनऊ में पार्किंग विवाद में ट्रिपल मर्डर
पिता-चाचा और बेटे की गोली मारकर हत्या
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
डेढ़ महीने से चल रहा था विवाद

Lucknow Triple Murder: राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता में सोमवार को चबूतरे और खाली जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों में पिता, उनके छोटे भाई और बेटा शामिल हैं। पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल छोटे भाई ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया। सुयश की शादी 5 दिसंबर को तय थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी (62), छोटे भाई शंभू उर्फ शिवेंद्र तिवारी (57) और बेटे सुयश तिवारी (30) के रूप में हुई है। शिवाजी तिवारी बिजली विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी और आरएसएस के पूर्व जिला सह कार्यवाह बताए गए हैं। शंभू लखनऊ विश्वविद्यालय में कर्मचारी थे, जबकि सुयश इलेक्ट्रिक सामान का कारोबार करते थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच घर के सामने बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनाने और वहां वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि करीब डेढ़ महीने पहले भी मामला थाने पहुंचा था, जिसके बाद चबूतरा बनाने का काम रोक दिया गया था। आरोपी के घर के सामने खाली जगह पर ‘नो पार्किंग’ भी लिखा हुआ था। सोमवार सुबह शंभू तिवारी ने बरगद के पेड़ के नीचे अपनी गाड़ी खड़ी की।

इसी बात पर उनकी ऋषभ शुक्ला से कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपी ने शंभू को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर शिवाजी तिवारी घर से बाहर आए। आरोप है कि ऋषभ ने उन्हें भी गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सुयश तिवारी घर से बाहर निकले तो उन्हें भी निशाना बनाया गया। गोली लगने से सुयश ने मौके पर दम तोड़ दिया। घायल शंभू को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

इस घटना से परिवार में शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार आरोपी ऋषभ शुक्ला मर्चेंट नेवी में नेविगेशन अधिकारी रह चुका है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए करीब 50 से 60 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दोनों परिवारों के घरों के सामने भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।

Explore Related Topics

Lucknow Triple Murder Lucknow Crime News Saadatganj Triple Murder

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News