UP News: उत्तर प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान के बाद 9 लाख से ज्यादा किसानों को राहत राशि प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपदा प्रभावित किसानों को आर्थिक मदद की राशि सौंपी। गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने यूपी सरकार की किसान कल्याण योजनाओं और कृषि क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि साल 2017 में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 86 लाख किसानों के 36,000 करोड़ रुपये के कर्ज माफ करने का फैसला किया गया था। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यूपी सरकार में अब तक किसानों पर 69,163 करोड़ रुपये खर्च किया जा चुका है। उन्होंने पिछली सरकारों का भी जिक्र किया और कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में कृषि क्षेत्र पर अपेक्षाकृत कम ही खर्च किया गया।
श्री शाही ने आगे कहा कि यूपी सरकार किसानों को निर्धारित समय पर बीज, बिजली और पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उनके मुताबिक पिछले साल राज्य में रिकॉर्ड 752 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन हुआ। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि राज्य में किसानों को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया। उन्होंने यह भी दावा करते हुए कहा कि राज्य की योगी सरकार के कार्यकाल में गन्ना किसानों को अब तक कुल 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उनके मुताबिक यूपी की 105 चीनी मिलें 15 दिनों के भीतर मूल्य का भुगतान कर रही हैं।
कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि साल 2017-18 से अब तक किसानों को 6,125 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी जा चुकी है। श्री शाही ने बताया कि साल 2025-26 में फसल बीमा योजना के तहत आपदा से प्रभावित 7.31 लाख किसानों को 812.76 करोड़ रुपये दिए गए। वहीं इस साल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या भी बढ़कर करीब 23 से 24 लाख हो गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें