Ambedkar Nagar News: मंडी प्रशासन ने बिना वैध गेट पास और मंडी शुल्क से संबंधित दस्तावेजों के गेहूं का परिवहन किए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान 42 टन गेहूं से लदे एक ट्रक को पकड़कर सीज कर दिया गया। मामले में संबंधित व्यापारी पर 1.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गेहूं से लदा ट्रक सुल्तानपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास जांच के दौरान मंडी सचिव हीरालाल यादव ने ट्रक को रोककर आवश्यक कागजातों की जांच की। जांच में चालक मंडी गेट पास और मंडी शुल्क से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मंडी प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक को सीज कर दिया।
मंडी सचिव हीरालाल यादव ने बताया कि बिना वैध गेट पास के कृषि उपज का परिवहन किए जाने से मंडी राजस्व को नुकसान होने की आशंका रहती है। शासन के निर्देश पर अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गेहूं से लदे ट्रक को पकड़कर कार्रवाई की गई और संबंधित व्यापारी पर 1.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। मंडी प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कृषि उपज के परिवहन से जुड़े कारोबारियों में हलचल है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें