Ambedkar Nagar News: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में जिले के 9 मतदान केंद्रों पर कुल 2891 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2067 पुरुष और 824 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को कलेक्ट्रेट से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
चुनाव की तैयारियों के तहत विकास भवन सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, पोलिंग पार्टियों और माइक्रो ऑब्जर्वर्स को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बैलेट पेपर से होने वाले मतदान को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिक्षक निर्वाचन एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रक्रिया है। ऐसे में मतदान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने को कहा गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला विकास अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी कार्मिक सविता सिंह तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में पोलिंग पार्टियों और माइक्रो ऑब्जर्वर्स को मतदान से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं और दायित्वों की जानकारी दी गई। जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल नौ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है
अकबरपुर विधानसभा: क्षेत्र पंचायत कार्यालय अकबरपुर में मतदान होगा। यहां कुल 694 मतदाता हैं, जिनमें 476 पुरुष और 218 महिला मतदाता शामिल हैं।
कटेहरी विधानसभा: इस क्षेत्र में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। क्षेत्र पंचायत कटेहरी में 207 मतदाता हैं, जिनमें 168 पुरुष और 39 महिलाएं हैं। वहीं, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भीटी में 137 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 113 पुरुष और 24 महिला मतदाता हैं।
जलालपुर विधानसभा: क्षेत्र पंचायत कार्यालय जलालपुर में कुल 373 मतदाता हैं, जिनमें 275 पुरुष और 98 महिलाएं शामिल हैं। क्षेत्र पंचायत भियांव में 215 मतदाता हैं, जिनमें 157 पुरुष और 58 महिला मतदाता हैं।
आलापुर विधानसभा: क्षेत्र पंचायत रामनगर में 256 मतदाता हैं। इनमें 182 पुरुष और 74 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, क्षेत्र पंचायत जहांगीरगंज में कुल 149 मतदाता हैं, जिनमें 113 पुरुष और 36 महिला मतदाता हैं।
टांडा विधानसभा: क्षेत्र पंचायत कार्यालय बसखारी में कुल 348 मतदाता हैं, जिनमें 249 पुरुष और 99 महिला मतदाता शामिल हैं। क्षेत्र पंचायत टांडा में 512 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 334 पुरुष और 178 महिला मतदाता हैं।
शिक्षक एमएलसी उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की है। पोलिंग पार्टियों और माइक्रो ऑब्जर्वर्स को प्रशिक्षण दिए जाने के बाद अब निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने पर जोर है। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी।
कुल मतदाता:2891, पुरुष: 2067, महिला: 824, मतदान केंद्र: 9
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें