UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो उत्तर प्रदेश में यूसीसी लागू किया जाएगा।
बैठक में अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार 'अंगद के पांव' की तरह जमी हुई है, इसे कोई हिला नहीं सकता। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपसी मनमुटाव और नाराजगी भुलाकर एक साथ चुनाव की तैयारी करें बताया कि सभी को मिलकर 2027 के विधानसभा चुनाव में मेहनत करनी होगी।
गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों और निवेश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को निवेश के लिए इन्वेस्टर समिट करने दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं हैं। आज उत्तर प्रदेश खुद देश का बड़ा निवेश केंद्र बन चुका है। अमित शाह के मुताबिक, प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है। इतना ही नही, उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश और उद्योगों को लेकर माहौल बदला है।
बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने 2017 के विधानसभा चुनाव को याद करते हुए कहा कि उस समय वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। चुनाव के दौरान नोटबंदी हुई थी और कई लोग दावा कर रहे थे कि भाजपा को इसका नुकसान होगा और पार्टी चुनाव हार जाएगी। लेकिन चुनाव के नतीजे आने पर भाजपा ने 40 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल किए और सबसे ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाई। शाह ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को 73 सीटें दिलाने और विधानसभा चुनाव में 312 सीटों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रही थी। पार्टी की जीत के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण रहा है।
गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की राजनीति में परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जातिवाद तीन बड़ी समस्याएं रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से 2026 के बीच इन बुराइयों को खत्म करने के लिए काम किया गया। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि अगर उनका यही राजनीतिक रवैया रहा तो कांग्रेस आने वाले 30 साल तक भी चुनाव नहीं जीत पाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी। शाह ने इसके लिए प्रदेश के मतदाताओं को श्रेय दिया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शाह के तंज से अछुते नहीं रहे। अमित शाह ने हमला करते हुए कहा कि अखिलेश यादव गरीबों की बात करते हैं, लेकिन जब उनकी सरकार थी तो गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने सिर्फ अपनी ही गरीबी दूर करने का काम किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। बैठक में अमित शाह ने अपने भाषण के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि 2027 का विधानसभा चुनाव सामने रखकर अभी से काम शुरू करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर किसी तरह की नाराजगी या आपसी मतभेद नहीं रहने चाहिए।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें