Monday, 02 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: सपा यूपी के लिए शाप, जब भी आई तबाही मचाई: सीएम योगी आदित्यनाथ

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
Bureau
Bureau News Desk
02 Nov 2026
03:26 PM
1 min read
UP News: सपा यूपी के लिए शाप, जब भी आई तबाही मचाई: सीएम योगी आदित्यनाथ
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
CM योगी का सपा पर बड़ा हमला, बोले- समाजवादी पार्टी यूपी के लिए शाप
520 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं की दी सौगात
गोंडा में जनसभा के दौरान सीएम योगी ने सपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
बोले: भाजपा आस्था का सम्मान करती है

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए किसी शाप से कम नहीं है। जब भी सत्ता में सपा आई, प्रदेश में अराजकता और तबाही का माहौल ही बना। सपा सरकार में दुर्गा पूजा के पंडालों पर विवाद खड़े किए जाते थे और कांवड़ यात्रा तक रोक दी जाती थी। आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू और दंगों से मुक्त हो चुका है। भाजपा आस्था का सम्मान करने वाली पार्टी है, जबकि सपा और कांग्रेस का मतलब अपराध है। मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान लोगों से 7 नवंबर को दीपोत्सव में शामिल होने और गरीबों, जरूरतमंदों तथा दिव्यांगजनों के घर दीपक और उपहार पहुंचाने की भी अपील की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम  ने कहा कि पिछली सरकार में देवीपाटन मंडल समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में दुर्गा पूजा के आयोजन में बाधाएं खड़ी की जाती थीं। इस बार नवरात्र में पूरे प्रदेश में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं। उन्होंने कहा कि किसी को भी धार्मिक आयोजन करने से रोका नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यात्रा के दौरान दंगे होने की आशंका जताकर रोक लगाई जाती थी, जबकि इस वर्ष गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब 4.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने 2 नवंबर 1990 की अयोध्या घटना का भी उल्लेख किया है। उन्होंने तत्कालीन सपा सरकार पर रामभक्तों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और दीपोत्सव के माध्यम से अयोध्या की धार्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया।

सीएम ने बताया कि 7 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव का दसवां संस्करण आयोजित होगा। इसकी रोशनी का लाभ गोंडा और पूरे देवीपाटन मंडल के विकास के रूप में भी दिखाई देगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। वहीं, पूरे देवीपाटन मंडल में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब गोंडा सहित आसपास के जिलों में विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं। साल 2023 की यूपी इन्वेस्टर्स समिट में गोंडा को तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर कहा कि अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने की कार्ययोजना तैयार है। इसी सप्ताह 4,500 सब इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों और इसके बाद 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। इसके अलावा शिक्षकों और अन्य विभागों में भी 25 से 30 हजार नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने अग्निवीरों को प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी दोहराई। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। अब विकास परियोजनाओं को कोई अपराधी बाधित नहीं कर सकता। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Explore Related Topics

Yogi Adityanath Gonda News Yogi Adityanath Speech

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News