UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान किसी को आवास की चाबी मिली तो किसी को अपना रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद का चेक दिया गया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक, डेमो कार्ड, आवास की चाबी और स्वीकृति पत्र दिए। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष, आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी राम प्रताप को आयुष्मान कार्ड का डेमो दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों कार्ड पाकर उन्हें बहुत खुशी हुई है। इससे उनके परिवार को इलाज की सुविधा मिलने का भरोसा मिला है। वहीं, संगीता को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 85 हजार रुपये की सहायता का डेमो चेक दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मदद से उन्हें काफी सहारा मिलेगा।
इसी तरह घनश्याम और मीना को आवास की चाबी देकर सम्मानित किया गया। घनश्याम ने कहा कि अब उनके परिवार को पक्की छत मिल सकेगी और सभी सुरक्षित रह सकेंगे। आजीविका मिशन के तहत रेनू वर्मा को 12 करोड़ रुपये का डेमो चेक दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे उनके समूह को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। झिनकना देवी को भी दो लाख रुपये की सहायता का लाभ दिया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बीनू पांडेय को एक लाख 19 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया, ताकि वह अपना रोजगार शुरू कर सकें। मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत निर्मला देवी को 50 हजार रुपये की सहायता दी गई। वहीं, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी रामतीर्थ को सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थी मुस्ताक अहमद को पांच लाख 60 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। इसके अलावा लकी सिंह को पढ़ाई के लिए स्टडी टेबल देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में सम्मान पाने वाले लाभार्थियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आर्थिक मदद मिल रही है। इससे उनके परिवार की जरूरतें पूरी करने और अपने पैरों पर खड़े होने का मौका मिल रहा है। सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें