Shiva Sharma Death Case: राजधानी के बालू अड्डा क्षेत्र के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में व्यवसायी शिवा शर्मा की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में पुलिस ने अब जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि के साथ नेपाल भाग निकली है। पुलिस को यह भी संदेह है कि श्रद्धा दुबे और उसकी बहन को नेपाल भेजने में कुछ अन्य लोगों का भी हाथ है। पुलिस जगह-जगह दबिश देकर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार रात को बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद व्यवसायी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहने वाले व्यवसायी शिवा का शव अपार्टमेंट परिसर में केवल अंडरवियर में मिला था। वह चिकन व्यवसाय से जुड़े थे। इसके साथ ही उनका कैफे भी संचालित था। वहीं बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में अपार्टमेंट से गिरकर मौत हो जाने के बाद मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा दुबे पर कई संगीन आरोप लगाए है। शिवा शर्मा की मां रंजना की शिकायत के आधार पर हजरतगंज कोतवाली में श्रद्धा, रश्मि सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गयी है।
पुलिस ने मामले की तफ्तीश के दौरान श्रद्धा के फ्लैट की सघन तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को फ्लैट से शक्तिवर्धक और नशीली दवाओं के साथ ही सेक्स टॉयज समेत कई आपत्तिजनक चीजें बरामद होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस ने इस मामले में कॉल डिटेल की जांच पड़ताल की। काॅल डिटेल की छानबीन में माॅडल के कई नामचीन लोगों से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है। वहीं पुलिस के अनुसार शिवा की मौत के बाद माॅडल श्रद्धा दुबे अपने पूर्व परिचित और ड्राइवर सहित कुछ अन्य लोगों से चैक इलाके में मिली थी।
इसके बाद सीतापुर और बहराइच के रास्ते श्रद्धा नेपाल चली गई। बताया जा रहा है कि श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को नेपाल पहुंचाने में दुबग्गा निवासी ड्राइवर आमिर और आलमबाग गढ़ी कनौरा में रहने वाले दानिश ने ही मदद की है। पुलिस टीम ने आमिर और दानिश के घरों पर भी दबिश डाली लेकिन दोनों अपने घरों पर नहीं मिले। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाने में लगी हुई है। वहीं कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में कुछ बिल्डरों और अन्य चर्चित लोगों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें