UP News: उत्तर प्रदेश के युवाओं को काम करने कि ट्रेनिंग और रोजगार देने के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर लोकभवन में इस योजना की शुरुआत की। पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में ये केंद्र बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों पर युवाओं को एक ही जगह पंजीकरण, उनकी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण और रोजगार दिलाने की व्यवस्था होगी। इसके लिए पहले 18 मंडल मुख्यालयों में केंद्र बनाए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों तक योजना का विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर कोई युवा हाईस्कूल पास है और नौकरी करना चाहता है तो वह इन केंद्रों पर अपना पंजीकरण करा सकेगा। उसकी योग्यता और रुचि के अनुसार उसे ट्रेनिंग दि जाएगी। इसके बाद फैक्ट्री, कंपनी या दूसरे संस्थानों में नौकरी दिलाने में मदद की जाएगी। विदेश में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं को जापान और जर्मनी जैसे देशों की भाषा भी सिखाई जाएगी। इसके साथ ही वहां की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के लिए टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लीलैंड, बीबीसी ग्रुप, पीटीसी और कई अन्य संस्थाओं के साथ समझौते किए गए हैं। इन संस्थाओं की मदद से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए सीएम युवा योजना भी चलाई जा रही है। इसके तहत पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और बिना गारंटी का कर्ज दिया जा रहा है। युवा पढ़ाई के साथ कौशल प्रशिक्षण लेकर नौकरी या अपना काम शुरू कर सकते हैं।
कार्यक्रम में विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें युवाओं को बोझ मानती थीं, जबकि उनकी सरकार युवा शक्ति को प्रदेश की ताकत मानती है। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को नौकरी पाने में परेशानी होती थी और माफिया रोजगार के रास्ते में बाधा बनते थे। उनकी सरकार ने अपराधियों पर कार्रवाई कर प्रदेश में रोजगार और उद्योग के लिए बेहतर माहौल बनाया है। सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, एक जिला-एक उत्पाद योजना से 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 563 से अधिक रियासतों को एकजुट कर देश को एकता के सूत्र में बांधा था। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री, अधिकारी, उद्योगपति और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें