Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजधानी लखनऊ में पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख ने साफ कर दिया कि स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी के गठबंधन का हिस्सा बिल्कुल भी नहीं हैं। श्री मौर्य के इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवाल पर सपा मुखिया अखिलेश यादव नाराज दिखे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमारी सीटों में वह शामिल नहीं हो सकते। अवॉयड करें, इग्नोर करें।
दरअसल राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीते तीन अक्टूबर को देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल होने की घोषणा कर दी थी। श्री मौर्य ने कहा था कि सीटों को लेकर बाद में चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही श्री मौर्य ने सांसद राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाने की इच्छा भी जताई थी।
इससे पहले स्वामी प्रसाद मौर्य सपा नेतृत्व पर समाजवादी विचारधारा से भटकने और भेदभाव करने का आरोप लगा चुके हैं। रामचरितमानस और अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर दिए गए श्री मौर्य के विवादित बयानों के बाद पार्टी के भीतर विरोध हुआ था। श्री मौर्य ने आरोप लगाते हुए कहा था कि विरोध के दौरान सपा नेतृत्व ने उनका साथ नहीं दिया।
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की तुलना में अधिक महिलाओं को टिकट देगी। यूपी विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एमएसी चुनाव के परिणाम ने बीजेपी के दावों की हकीकत सामने ला दिया है।
श्री यादव ने दावा किया कि बीजेपी केवल पांच सीटों पर नहीं बल्कि 50 जिलों में हारी है। जनता ने सच्चाई के पक्ष में मतदान किया है। साथ ही सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने छल के सहारे सीटें जीती हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लखनऊ दौरे को लेकर किये गये सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनके राजधानी पहुंचने से काफी पहले ही जवाब दे दिया गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें