UP Politics: उत्तर प्रदेश राजनीति में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के टिकट पर गौरीगंज से लगातार तीन बार विधायक रहे राकेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। राकेश प्रताप सिंह के साथ ही अयोध्या जनपद की गोसाईंगंज सीट से विधायक अभय सिंह और जालौन जिले की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह के बीजेपी में शामिल होने से स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की प्रबल संभावना है। श्री सिंह के व्यक्तिगत जनाधार से क्षेत्र में बीजेपी मजबूत होगी। वहीं सपा को पुराने समर्थकों को जोड़े रखने की चुनौती का सामना करना होगा। यूपी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है।
जनपद के गौरीगंज के जामो रोड स्थित विधायक राकेश प्रताप सिंह के आवास मंगलम पर बुधवार को सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने तीनों विधायकों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने के दौरान तीनों नेताओं को भगवा पटका पहनाकर उनका स्वागत किया गया। तीनों विधायकों ने बीजेपी के टोल फ्री नंबर पर फोन करके औपचारिक सदस्यता भी ली।
साल 2012 में राकेश प्रताप सिंह ने पहली बार गौरीगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद साल 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने लगातार जीत हासिल की और विधायक चुने गए। साल 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान राकेश प्रताप सिंह ने सपा के रुख से अलग बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया था।
जिसके बाद जून 2025 में समाजवादी पार्टी ने इसे पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए उन्हें निष्कासित कर दिया था। अब बीजेपी की सदस्यता ग्रहण वह अपनी नई सियासी पारी की शुरूआत करेंगे। सदस्यता कार्यक्रम से पहले विधायक राकेश प्रताप सिंह ने यह दावा किया कि उनके साथ गौरीगंज क्षेत्र के लगभग 700 ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें