Ambedkar Nagar News: कटेहरी क्षेत्र के गौरा बसंतपुर स्थित विदुषी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में फ्रेशर एवं फेयरवेल पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, वहीं विदा हो रहे विद्यार्थियों को पुरानी यादों के साथ भावभीनी विदाई दी गई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन डॉ. विजयकांत ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा ने छात्राओं को मेडल एवं उपहार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
दिलीप पटेल देव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्र जीवन व्यक्तित्व निर्माण और अपने सपनों को साकार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है।
विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा ने कहा कि छात्राओं को सम्मानित करने का उद्देश्य उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्हें बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती हैं।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. विजयकांत ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां और रचनात्मक कार्यक्रम भी बेहद जरूरी हैं। फ्रेशर पार्टी नए विद्यार्थियों को संस्थान के वातावरण से जोड़ती है, जबकि फेयरवेल पार्टी विद्यार्थियों के बीच बने रिश्तों और यादों को संजोने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। फ्रेशर पार्टी के माध्यम से नए विद्यार्थियों को संस्थान के माहौल से परिचित होने का अवसर मिला, वहीं फेयरवेल पार्टी ने विदा हो रहे विद्यार्थियों के लिए बिताए गए पलों को यादगार बना दिया। इस अवसर पर कॉलेज के उपाध्यक्ष अनुपम दूबे, डायरेक्टर विवेकानंद तिवारी, दीपक दूबे, गरिमा श्रीवास्तव, एसपी पाण्डेय, समा बानो, प्रीति साहू, ब्यूटी मौर्य, ऋचा तिवारी, प्रशांत तिवारी, सुनील पाण्डेय और अंकित शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें