UP News: अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं को अब रामनगरी के प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए अलग-अलग भटकना नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक खास टूर पैकेज शुरू किया है। 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' नाम से शुरू होने वाली इस 6 घंटे की यात्रा में लोग एक ही दिन में अयोध्या के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। यह सुविधा 1 नवंबर से शुरू होगी।
इस पहल से खासतौर पर उन लोगों को राहत मिलेगी, जो पहली बार अयोध्या आ रहे हैं या उम्र अधिक होने के कारण ज्यादा पैदल चलने मे असमर्थय है और जो लोग रास्ते तलाशने में परेशानी महसूस करते हैं। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी यह यात्रा काफी सुविधाजनक होगी। यात्रा के लिए रोजाना दो बैच चलाए जाएंगे। पहला बैच सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरा दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। यात्रा की शुरुआत लता मंगेशकर चौक से होगी। यहां से पर्यटकों को सबसे पहले रामायण वैक्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। इसके बाद सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
टूर में गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला, शेषावतार मंदिर, स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल हैं। इन जगहों पर पर्यटकों को अयोध्या के धार्मिक इतिहास और उनसे जुड़ी मान्यताओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। पूरे सफर में स्थानीय गाइड या कोऑर्डिनेटर साथ रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को हर स्थान के महत्व को समझने में आसानी हो।
इस छह घंटे की यात्रा का सबसे खास पड़ाव सरयू आरती होगी। सरयू नदी के किनारे दीप जलाकर और भक्ति गीतों के बीच होने वाली आरती में शामिल होकर श्रद्धालु अपनी यात्रा पूरी करेंगे। इसके बाद सभी को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा अयोध्या की धार्मिक परंपरा का अहम हिस्सा है। इस टूर पैकेज का उद्देश्य श्रद्धालुओं को अयोध्या की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। पैकेज में आने-जाने के लिए एसी वाहन और गाइड की सुविधा मिलेगी।जबकि, भोजन और होटल में रुकने का खर्च पर्यटकों को खुद उठाना होगा।
ऐसे करा सकते हैं बुकिंग
अयोध्या आने वाले श्रद्धालु यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा 8130966118 नंबर पर फोन करके भी जानकारी और बुकिंग की कर सकते । दीपोत्सव से पहले शुरू की गई यह सुविधा उन श्रद्धालुओं के लिए अच्छी पहल है, जो कम समय में अयोध्या के धार्मिक स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें