Ramlila 2026: प्रभु श्रीराम की कथा को आधुनिक तकनीक और फिल्मी सितारों की प्रस्तुति के जरिए दुनिया भर में पहुंचाने वाली रामलीला ने इस वर्ष नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आयोजकों के अनुसार 10 से 20 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित रामलीला को विभिन्न डिजिटल और प्रसारण माध्यमों के जरिए 74 करोड़ से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाया गया। रामलीला का प्रसारण 57 से अधिक देशों में किया गया। दिल्ली और मुंबई के 211 से ज्यादा कलाकारों ने रामलीला में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रही इस पहल का उद्देश्य रामकथा को देश-विदेश के दर्शकों तक पहुंचाना है। रामलीला समिति के संस्थापक सुभाष मलिक (बॉबी) के अनुसार इस साल पहली बार दिल्ली के रफी मार्ग स्थित मावलंकर हॉल में आयोजन किया गया। आधुनिक मंच सज्जा और थ्री-डी तकनीक के जरिए प्रस्तुति को विशेष रूप दिया। पहली बार आयोजित बाल रामलीला को भी दर्शकों ने भरपूर सराहा। इस वर्ष रामलीला में सांसद रवि किशन ने प्रभु श्रीराम तथा केजिया लिज मेजो ने माता सीता की भूमिका निभाई।
इसके साथ ही बिंदू दारा सिंह भगवान शिव, अरुण बख्शी रावण, शहबाज खान मेघनाद, पुनीत इस्सर भगवान परशुराम और रजा मुराद कुंभकर्ण के किरदार में दिखे। फिल्मी कलाकारों के अभिनय, आधुनिक तकनीक और भव्य मंच सज्जा के संयोजन ने रामकथा को नए अंदाज में प्रस्तुत किया। आयोजकों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हर वर्ष पत्र लिखकर रामलीला समिति को शुभकामनाएं देते हैं, जिससे आयोजन से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ता है।
रामलीला का प्रसारण शेमारू भक्ति, शेमारू मी, आराधना टाटा प्ले, एयरटेल, फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत कई अन्य डिजिटल माध्यमों पर किया गया। आयोजकों द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शेमारू भक्ति यूट्यूब चैनल पर सात करोड़, फेसबुक पेजों पर 13 करोड़ और अन्य यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर 12 करोड़ दर्शकों तक प्रस्तुति पहुंची। आयोजकों ने विभिन्न प्लेटफॉर्म के आंकड़ों को जोड़कर कुल दर्शक संख्या 74 करोड़ से अधिक बताई है। हालांकि, अलग-अलग प्लेटफॉर्म के दर्शक आंकड़ों में दोहराव की संभावना के कारण इन्हें अलग-अलग व्यक्तियों की वास्तविक संख्या नहीं माना जा सकता।
अयोध्या की डिजिटल रामलीला की शुरुआत वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान हुई थी। आयोजकों के मुताबिक, पहले वर्ष इसे 16 करोड़ दर्शकों तक पहुंच मिली थी। इसके बाद 2021 में 20 करोड़, 2022 में 25 करोड़, 2023 में 40 करोड़, 2024 में 41 करोड़ और 2025 में 62 करोड़ दर्शकों तक पहुंचने का दावा किया गया। वर्ष 2026 में यह आंकड़ा 74 करोड़ से ज्यादा बताया गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें